गांधीनगर , जनवरी 29 -- गुजरात की झाँकी को लगातार चौथे वर्ष 'पॉपुलर चॉइस अवॉर्ड' श्रेणी में पहला स्थान मिला है।
सूत्रों ने गुरूवार को बताया कि 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर नयी दिल्ली के कर्तव्यपथ पर आयोजित राष्ट्रीय परेड में गुजरात के 'स्वतंत्रता का मंत्र: वंदेमातरम्' थीम आधारित झाँकी ने दर्शकों के बीच विशेष आकर्षण और उत्सुकता पैदा की। राज्य की इस झाँकी ने गणतंत्र दिवस परेड में 'पॉपुलर चॉइस अवॉर्ड' श्रेणी में लगातार चौथे वर्ष पहना स्थान प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल ने सूचना आयुक्त कार्यालय द्वारा तैयार किए गए गुजरात की झाँकी की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र भक्ति के साथ राज्य के स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को प्रभावी रूप से उजागर करने के कारण गुजरात की झाँकी को जनता का व्यापक समर्थन और सराहना मिली है।
केंद्र सरकार के रक्षा मंत्रालय द्वारा एमवायजीओवी पोर्टल पर 26 जनवरी से 27 जनवरी रात 1145 बजे तक आयोजित ऑनलाइन मतदान में गुजरात की झाँकी पहले घंटे से लेकर दूसरे दिन के अंत तक लगातार अग्रणी रहा और कुल मतों के 43 प्रतिशत वोट प्राप्त कर पीपुल्स चॉइस कैटेगरी में प्रथम स्थान पर विजयी रहा। दूसरे स्थान पर रहे उत्तर प्रदेश को नौ प्रतिशत वोट प्राप्त हुए, जबकि शेष 15 राज्यों को क्रमशः कम प्रतिशत में मत मिले।
इस वर्ष कर्तव्यपथ पर आयोजित राष्ट्रीय परेड में गुजरात राज्य के सूचना विभाग द्वारा प्रस्तुत झाँकी में 'वंदे मातरम्' और स्वदेशी आंदोलन के समन्वय से उत्पन्न स्वतंत्रता की क्रांति से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए आत्मनिर्भरता हेतु स्वदेशी मंत्र की यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
पॉपुलर चॉइस कैटेगरी अवॉर्ड में गुजरात की झाँकी की अग्रणी परंपरा की शुरुआत वर्ष 2023 के 74वें गणतंत्र दिवस की राष्ट्रीय परेड से हुई थी। उस वर्ष राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत 'क्लीन ग्रीन एनर्जी युक्त गुजरात' की झाँकी में प्रधानमंत्री के नवीकरणीय ऊर्जा के अधिकतम उपयोग के आह्वान को साकार करने में गुजरात की पहल को दर्शाया गया था।
इसके बाद वर्ष 2024 के 75वें गणतंत्र दिवस की राष्ट्रीय परेड में गुजरात द्वारा प्रस्तुत 'धोरडो - वर्ल्ड बेस्ट टूरिज्म विलेज (यूएनडब्ल्यूटीओ)' थीम आधारित झाँकी को भी 'पॉपुलर चॉइस' कैटेगरी में पहला स्थान प्राप्त हुआ। इतना ही नहीं, झाँकी की श्रेष्ठता के लिए चयन समिति यानी ज्यूरी चॉइस में भी गुजरात की झाँकी ने वर्ष 2024 में द्वितीय स्थान हासिल किया था।
वहीं वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री की प्रेरणा और मार्गदर्शन में गुजरात द्वारा आधुनिक विकास की जिस तेज़ रफ्तार यात्रा को दर्शाया गया, उसे प्राचीन विरासत के साथ जोड़ते हुए प्रस्तुत 'आनर्तपुर से एकतानगर तक- विरासत से विकास का अद्भुत संगम' झाँकी को भी 'पॉपुलर चॉइस अवॉर्ड' प्राप्त हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित