धार , दिसंबर 17 -- जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले डेढ़ माह के दौरान हुई लूट, चोरी और चेन स्नेचिंग की घटनाओं का धार पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुजरात की कुख्यात चड्डी बनियान गैंग के सदस्यों सहित कुल 11 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ मामलों में आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी मयंक अवस्थी ने बताया कि चड्डी बनियान गैंग सुनसान इलाकों में स्थित मंदिरों को निशाना बनाती थी। इस गिरोह ने कुक्षी क्षेत्र के तीन बड़े मंदिरों-ग्राम निसरपुर के कष्टसभंजन हनुमान मंदिर, कुक्षी के स्वामीनारायण मंदिर तथा तालनपुर के जैन मंदिर में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपी दाहोद से बस के माध्यम से कुक्षी आते थे, रात में चड्डी-बनियान पहनकर चोरी करते और खेतों में छिपकर रुकने के बाद अगले दिन वापस दाहोद लौट जाते थे।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम गुजरात के दाहोद क्षेत्र पहुंची, जहां संदेह के आधार पर जावसिंह और सुरेश निवासी अमली खजूरिया, दाहोद को पकड़कर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मंदिरों में चोरी की वारदातों को स्वीकार किया। कार्रवाई के दौरान एएसपी विजय डावर, एसडीओपी सुनील गुप्ता, थाना प्रभारी राजेश यादव, समीर पाटीदार, संतोष यादव एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
एसपी अवस्थी ने बताया कि कुक्षी के ग्राम कापसी में हुई चेन स्नेचिंग की वारदात में संतोष पिता सुंदरसिंह देवका एवं अनिल पिता बनसिंह भील निवासी टांडा को गिरफ्तार कर सोने की चेन तथा वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त की गई है। वहीं 7 दिसंबर को धरमपुरी क्षेत्र में दुकान के बाहर खड़े सरिये से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चोरी के मामले में पुलिस ने ग्राम ढाकनबारी के जंगल में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की।
इसके अलावा थाना बाग क्षेत्र में कलेक्शन एजेंट से हुई लूट का भी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। गंधवानी क्षेत्र में मसाला मार्केटिंग एजेंट से मारपीट कर नगदी लूटने की घटना में दो नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, एक आरोपी अभी फरार है। इसी क्षेत्र में लोन की राशि कलेक्ट कर लौट रहे व्यक्ति से एक लाख रुपये से अधिक की लूट की वारदात में भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित