नई दिल्ली , फरवरी 19 -- गुजरात कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने गुरुवार को दिल्ली में पार्टी आलाकमान के साथ अहम बैठक की।

यह बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई, जिसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद थे। बैठक में गुजरात कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा, प्रदेश प्रभारी और राज्य के अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।

प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा ने बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में बताया कि संगठन निर्माण अभियान के बाद राज्य में जिला अध्यक्षों की नियुक्तियों की समीक्षा की गई है। इसके साथ ही जिला, मंडल और तालुका स्तर पर संगठन के विस्तार की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

श्री चावड़ा ने कहा कि गुजरात में निकाली गई 'जन आक्रोश यात्रा' में किसानों, युवाओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के साथ-साथ अन्य पिछड़ा वर्ग से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाये गये हैं। कांग्रेस ने इन वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित