मुंबई , दिसंबर 24 -- गुजराती भाषा में बनी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'लालो कृष्ण सदा सहायते' 09 जनवरी 2026 को हिंदी में रिलीज़ होगी।
मैनिफेस्ट फ़िल्म्स द्वारा प्रस्तुत फ़िल्म 'लालो कृष्ण सदा सहायते' अजय पाडरिया और जय व्यास द्वारा निर्मित है,जबकि इसका निर्देशन अंकित सखिया ने किया है।गुजराती बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करने और '100 करोड़ क्लब' में ऐतिहासिक पारी खेलने के बाद, 'लालो कृष्ण सदा सहायते' अब हिंदी में दर्शकों का दिल जीतने आ रही है। यह फिल्म 09 जनवरी 2026 को पूरे भारत के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इस फिल्म की कहानी 'लालो' के इर्द-गिर्द घूमती है- एक आम रिक्शा चालक, जो न केवल गरीबी से, बल्कि अपने अतीत की कड़वी यादों से भी लड़ रहा है। जब जीवन की परेशानियां उसे चारों ओर से घेर लेती हैं और उसका संसार बिखरने के कगार पर होता है, तभी एक चमत्कारिक मोड़ आता है और उसका सामना 'साक्षात ईश्वर' से होता है। इसके बाद शुरू होता है भावनाओं का एक ऐसा ज्वार, जहां भय और संदेह का सामना अटूट विश्वास और उम्मीद से होता है। यह फिल्म महज एक कहानी नहीं, बल्कि लाला के मन और आत्मा की वह यात्रा है, जो दर्शकों को भी अपने भीतर झांकने पर मजबूर कर देगी।
इस फिल्म में रिवा राच्छ, श्रुहद गोस्वामी और करण जोशी के साथ मिष्टी कडेचा, अंशु जोशी, किन्नल नायक, पारुल राज्यगुरू और जयदीप टीमानिया ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। इस फिल्म की सबसे बड़ी खूबी इसके युवा और उभरते कलाकारों का सधा हुआ अभिनय है, जिन्होंने जटिल किरदारों को बेहद ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ पर्दे पर उतारा है।अंकित सखिया के कुशल निर्देशन में बनी इस फिल्म का संगीत स्मित जय ने दिया है, जो कहानी की रूह को छूता है। शुभम गज्जर की सिनेमैटोग्राफी और कृषांश वाजा और अंकित सखिया के संपादन ने 135 मिनट की इस फिल्म को एक विजुअल ट्रीट बना दिया है। अजय पाडरिया और जय व्यास द्वारा निर्मित इस फिल्म को मैनिफेस्ट फिल्म्स बड़े पैमाने पर देशभर में प्रस्तुत कर रहा है। दस अक्टूबर 2025 को रिलीज हुई 'लालो - कृष्ण सदा सहायते' ने बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत तो धीमी की थी, लेकिन तीसरे हफ्ते से फिल्म की कमाई और लोकप्रियता में जो सुनामी आई, उसने इतिहास रच दिया। सीमित बजट में बनी यह फिल्म100 करोड़ रुपये के क्लब में गौरवशाली दस्तक देने वाली पहली गुजराती फिल्म बन गई है। इतना ही नहीं, फिल्म ने वैश्विक स्तर पर भी अपनी छाप छोड़ी और अंतरराष्ट्रीय बाजार से 7.25 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित