सहारनपुर , मार्च 6 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कोतवाली नगर थाने में निर्देश दिए कि गुंडा अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की पैरवी में तेजी लाई जाए।

जिलाधिकारी श्री बंसल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने शुक्रवार को थाना कोतवाली नगर और थाना चिलकाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के अभिलेखों, मालखाना, शस्त्रागार, बैरक, कार्यालय तथा परिसर की साफ-सफाई का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के रख-रखाव, शस्त्रों की स्थिति और थाना परिसर की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने थाना चिलकाना के लिए निर्देश देते हुए कहा कि महिला हेल्प डेस्क पर प्राप्त आवेदनों का शत-प्रतिशत फीडबैक लिया जाए। यह कार्य महिला हेल्प डेस्क प्रभारी के साथ क्षेत्राधिकारी तथा एसएचओ की निगरानी में कराया जाए। उन्होंने भोजनालय में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर करने तथा खाली पड़ी जगहों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि थाने के सामने बसें खड़ी न हों तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को थाना परिसर के सामने की सड़क को शीघ्र दुरुस्त कराने के लिए कहा गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, थाना परिसर की स्वच्छता बनाए रखने तथा ड्यूटी के प्रति सतर्क और अनुशासित रहने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही थाना स्तर पर कानून-व्यवस्था और जनसुनवाई को अधिक प्रभावी बनाने के लिए फीडबैक व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित