दंतेवाड़ा , दिसंबर 13 -- त्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा जिले के गीदम-कारली मार्ग पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। यहां एक कार और पिकअप वाहन (गुड्स व्हीकल) के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन का एक चक्का निकलकर सड़क पर जा गिरा। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गीदम-कारली मार्ग पर दोनों वाहन विपरीत दिशा से आ रहे थे। इसी दौरान अचानक नियंत्रण बिगड़ने से कार और पिकअप वाहन आमने-सामने टकरा गए। हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टक्कर के चलते दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। पिकअप वाहन का चक्का अलग होकर सड़क पर आ जाने से दुर्घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही गीदम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सड़क पर बिखरे वाहन के हिस्सों को हटाकर यातायात को सुचारू कराया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे कराकर मार्ग को सुरक्षित किया, जिससे अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो।
गीदम थाना प्रभारी विजय पटेल ने वार्ता को बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की गई है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की विवेचना जारी है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गीदम-कारली मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है और कई स्थानों पर सड़क संकरी होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित