गिरिडीह , फरवरी 23 -- झारखंड के गिरिडीह जिले में नगर निगम के चुनाव में छिटपुट हिंसा की घटना के बीच मतदान सम्पन हो गया।

अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नगर निगम के वार्ड नंबर 27 और शहर के बुलाकी रोड के बूथ संख्या 1 और 2 में अचानक दो वार्ड पार्षद उम्मीदवार के समर्थक आपस में उलझ पड़े। दोनों के बीच मामूली पत्थरबाजी की घटना के दौरान जमकर मारपीट हुई।

मारपीट की सूचना के बाद सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते और एसडीपीओ जीतवाहन ओरांव और डीएसपी नीरज सिंह भी पुलिस जवानों के साथ आए और दोनों के समर्थकों पर लाठी चार्ज कर भगाया।

मामले को लेकर डीएसपी नीरज सिंह ने कहा कि स्थिति नियंत्रित है। सूत्रों ने यह भी बताया कि गिरिडीह नगर निकाय चुनाव में 57 प्रतिशत के लगभग मतदान हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित