गिरिडीह , मार्च 14 -- झारखण्ड के गिरिडीह जिला में हीरोडीह थाना क्षेत्र के किस्गो गांव के पास में सड़क पार कर रही 60 वर्षीय महिला की मौत हाइवा की चपेट में आने से हो गई।

मृतका ननकी देवी बिहार के बांका जिले ईटहरि गांव निवासी नरेश सिंह की पत्नी थी और हीरोडीह थाना इलाके के किस्गो गांव के गादीकला में अपने रिश्तेदार के घर आई हुई थी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार देर रात को सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार हाइवा ने ननकी देवी को टक्कर मार दिया, जिससे ननकी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आज हाइवा को आग के हवाले कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि चालक फरार होने में सफल रहा। इधर ग्रामीणों द्वारा आग लगाए जाने के बाद हाइवा पूरी तरह से जलकर राख हो गया। इस दौरान सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस भी घटनास्थल पहुंच कर लोगों को समझाया और आग बुझाने के लिए अग्निशमन गाड़ी की बुलाया गया, लेकिन तब तक हाइवा पूरी तरह से जलकर राख हो चुका था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित