गिरिडीह , फरवरी 10 -- झारखंड के गिरिडीह मधुपुर ट्रेन से मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गादी श्रीरामपुर पंचायत अंतर्गत चुंगलो गांव निवासी 65 वर्षीय किशोरी पंडित के गिरने से मौत हो गई।

उनका शव गरहाटांड़ के पास रेलवे पटरी के समीप पाया गया। स्थानीय लोगों ने उनके शव को देखने के बाद इसकी सूचना जीआरपी पुलिस को दी। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

इस दौरान मृतक की पहचान होते ही उनके परिजन सदर अस्पताल पहुंचे।

परिजनों के अनुसार किशोरी पंडित कुछ दिन पूर्व अपनी बेटी के घर जमुई गए थे और आज सुबह मधुपुर-गिरिडीह ट्रेन से लौट रहे थे। इसी क्रम में वे संभवतः गेट के पास खड़े रहने के कारण ट्रेन से गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गयी।

दूसरी घटना जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र केबड़की टांड में पेड़ से लटका हुआ विवाहिता का शव मिला है। पीरटांड प्रखंड के हरलाडीह ओपी क्षेत्र के कुड़को पंचायत अंतर्गत बड़कीटांड़ गांव में एक 26 वर्षीय विवाहिता ने पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान विकास कुमार महतो की पत्नी यशोदा कुमारी के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार यशोदा कुमारी का शव खेत की ओर स्थित एक पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे फंदे से उतारकर मुंह में पानी दिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस दौरान परिजनों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से मृतका और उसकी सास के बीच आपसी कहासुनी चल रही थी। लेकिन आत्महत्या का कारण समझ में नही आ रहा है।

इधर घटना की जानकारी मिलते ही हरलाडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज दिया। साथ ही पुलिस मामले की छानबीन मे जूट गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित