शिवपुरी , फरवरी 21 -- मध्यप्रदेश की शिवपुरी पुलिस ने अश्लील वीडियो दिखाकर गिरफ्तार करने का डर दिखाकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के 20 सदस्यों को गिरफ्तार करके उनके पास से नगद राशि, मोबाइल फोन तथा चार पहिया एवं दो पहिया वाहन एवं अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने आज दोपहर बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जिले के करेरा एवं पिछोर क्षेत्र के निवासी आरोपी हैं, जो संगठित रूप से साइबर ठगी कर रहे थे। करेरा एसडीओपी आयुष जाखड़ एवं पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा को टीम बनाकर इस कार्य में लगाया गया था।

उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से पुलिस द्वारा सभी जानकारियां एकत्रित करके इस गिरोह के विरुद्ध कार्यवाही शुरू की गई थी। करेरा एवं पिछोर अनुविभाग से पुलिस ने 20 आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके पास से एक लाख 20 हजार रुपए नगद, 7 चारपहिया वाहन, एक दोपहिया वाहन, 29 मोबाइल फोन, क्रेडिट कार्ड, फर्जी बैंक अकाउंट संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस के 9 दल बनाए गए थे। पूरी कार्यवाही पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविंद सक्सेना के निर्देश पर की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित