श्रीगंगानगर , जनवरी 24 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पदमपुर मार्ग पर स्थित पंजाबी सिटी कॉलोनी में शनिवार देर शाम एक गिरदावर ने अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जितेंद्र (53) को शाम करीब साढ़े छह बजे परिवार वाले आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर आए तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव मुर्दाघर में सुरक्षित रखवा दिया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक जितेंद्र की नियुक्ति श्रीकरणपुर उपखंड में थी। वह आज शाम को घर में अकेला था। तभी उसने कथित रूप से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिवार का कोई सदस्य बाद में घर आया तो इस बात का पता चला। बताया जा रहा है कि जिस कमरे में फांसी लगाई, उसके दरवाजे को तोड़ना पड़ा, क्योंकि वह अंदर से बंद था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जितेंद्र का किसी के साथ रूपयों को लेकर विवाद चल रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित