गुरुग्राम , अप्रैल 04 -- हरियाणा युवा कांग्रेस ने देशभर में काम कर रहे गिग वर्करों के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर आवाज बुलंद की है।
हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने गुरुग्राम में पत्रकारों से बातचीत के दौरान 'गिग वर्कर न्याय अभियान' की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लाखों गिग कर्मियों की स्थिति चिंताजनक है और उन्हें उचित अधिकार, सुरक्षा और सम्मान दिलाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
श्री कटारिया ने आरोप लगाया कि मुनाफे की दौड़ में बड़ी कंपनियां गिग वर्करों का शोषण कर रही हैं, जबकि केंद्र सरकार भी ठोस कदम उठाने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि ऐप आधारित सेवाओं से जुड़े युवक-युवतियां दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन उन्हें पर्याप्त आय और सामाजिक सुरक्षा नहीं मिलती।
उन्होंने गिग वर्करों की प्रमुख मांगों में 10 मिनट डिलीवरी के दबाव से राहत, पारदर्शी भुगतान प्रणाली, सामाजिक सुरक्षा और दुर्घटना बीमा, न्यूनतम आय की गारंटी और मनमाने तरीके से आईडी ब्लॉक करने की प्रथा पर रोक शामिल बतायी। साथ ही गिग कर्मियों को कानून के अनुरूप अधिकार एवं सुविधाएं देने की मांग भी दोहराई, ताकि उन्हें श्रमिकों के समान अधिकार मिल सकें।
युवा कांग्रेस की सह प्रभारी प्रियंका चंदेलिया ने कहा कि 'व्हाइट टी-शर्ट मूवमेंट' के जरिए इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। मीडिया चेयरमैन प्रदीप यादव ने बताया कि संगठन गिग वर्करों के लिए ठोस नीति बनाने को लेकर सरकार पर दबाव बनाएगा। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित