जंडियाला/अमृतसर , मार्च 17 -- पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने मंगलवार को जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र के गांव गादली (ब्लॉक जंडियाला गुरु) में एक नये 66 केवी सब-स्टेशन की आधारशिला रखी।

ईटीओ ने बताया कि इस परियोजना पर लगभग छह करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से पास में सब-स्टेशन की मांग कर रहे थे, क्योंकि मौजूदा स्टेशन दूर होने के कारण बिजली आपूर्ति में बार-बार समस्या आती थी। इस प्रोजेक्ट से यह पुरानी मांग पूरी होगी और बिजली आपूर्ति में काफी सुधार होगा।

श्री सिंह ने बताया कि सब-स्टेशन में 66/11 केवी, 20 एमवीए का पावर ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इससे गांव गादली, भगवान, मलोवाल, राणाकला, बलिया, बम्मा और खलेहरा के उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलेगी। उन्होंने कहा कि लगभग 20,000 उपभोक्ताओं को सीधा लाभ होगा, जबकि मौजूदा सब-स्टेशनों पर लोड कम होने से 50,000 अन्य लोगों को अप्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

मंत्री ने गांव गादली में 27.10 लाख रुपये की लागत से एक खेल का मैदान विकसित करने की भी घोषणा की। इसमें चेन-लिंक फेंसिंग, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग शौचालय, हाई मास्ट लाइटें, स्प्रिंकलर सिस्टम और वॉलीबॉल कोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। इसके अलावा, सरकार 231.54 लाख रूपये की लागत से खुजाला-गेहरी से गादली सड़क पर देवीदास पुरा ड्रेन के ऊपर एक नया पुल बनाएगी। निविदा प्रक्रिया जारी है और काम जल्द शुरू होगा।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन क्षेत्र में बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए अब तक लगभग 154.82 करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 24.60 करोड़ रुपये की लागत से 820 नये ट्रांसफार्मर लगाये गये। 28.99 करोड़ रुपये से 5,591 खराब ट्रांसफार्मर बदले गये। जंडियाला गुरु शहर के लिए दो मोबाइल ट्रांसफार्मर ट्रॉलियां प्रदान की गयीं।

नवापिंड के 66 केवी सब-स्टेशन को 220 केवी में अपग्रेड किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित