बारां , फरवरी 02 -- राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर सोमवार को एक दिवसीय बारां दौरे के दौरान पंचायत भवन की सफाई करने वाली गाडूली बाई को पूरी पगार दिलाने के निर्देश सरंपच को दिये।

श्री दिलावर बारां से छेलाबेल गांव जाते समय मंडोला गांव की गाड़िया लुहार कॉलोनी में रुके। उन्हें अपने बीच देखकर कॉलोनी मे रह रहे गाड़िया लुहार परिवार वहां एकत्र हो गये। लोगों ने श्री दिलावर को कहा, " आपने हमें मकान बनाकर यहां बसाया, लेकिन आप के जाने के बाद हमारी कोई नहीं सुनता। सफाई व्यवस्था लचर हो रही है। "इस पर मंत्री ने बीडीओ को फ़ोन करके गाड़िया लुहार कॉलोनी में हर रोज़ सफाई करवाने और प्रतिदिन कचरा उठाने के निर्देश दिये।

कॉलोनी मे रहने वाली गाडूली बाई ने मंत्री दिलावर को गुहार लगायी कि वह पंचायत भवन की सफाई करती है। काम करते करते बूढ़ी हो गयी, पर पगार 1500 रूपए ही मिलती है। वह भी बहुत समय से नहीं मिल रही। इस पर मंत्री मदन दिलावर ने सरपंच को फोन करके सफाई कर्मी महिला को पूरा वेतन भुगतान करने के निर्देश दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित