रायपुर , मार्च 06 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में गाड़ी मरम्मत के पैंसे को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान चूना भट्ठी निवासी बिट्टू यादव (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करने की बात कबूल ली। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह खारुन विहार स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी के पीछे नाले के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मृतक की पहचान चूना भट्ठी निवासी राजा साहू (25) के रूप में हुई।
मामले की जांच के लिए अपराध विरोधी एवं साइबर इकाई (एसीसीयू) और गंज थाना पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी बिट्टू यादव को राजा साहू के साथ जाते हुए देखा गया। इसके अलावा घटना स्थल के आसपास भी उसकी मौजूदगी सामने आई।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों आपस में अच्छे दोस्त थे।
दरअसल कुछ दिन पहले आरोपी की गाड़ी में खराबी आ गई थी। बिट्टू का आरोप था कि यह नुकसान राजा की वजह से हुआ था और वह उससे मरम्मत के पैसे मांग रहा था। कई बार पैसे मांगने के बाद भी रकम नहीं मिलने पर दोनों के बीच गुरुवार सुबह विवाद हो गया। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर राजा की हत्या कर दी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित