गाजीपुर , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश में गाजीपुर जिले के सैदपुर थाना क्षेत्र में एक दामाद द्वारा अपने ससुर की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र के सरैया निवासी निजामुद्दीन शुक्रवार को सैदपुर क्षेत्र के ईशनपुर भितरी गांव स्थित अपने ससुराल आया था। उसकी पत्नी जैनब का करीब छह माह पूर्व निधन हो चुका था और उसके तीनों बच्चे ननिहाल में रह रहे थे।
उन्होने बताया कि निजामुद्दीन अपने बच्चों को लेने ससुराल पहुंचा था, इसी दौरान उसका अपने ससुर मुमताज अंसारी (62) से विवाद हो गया। विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने सिलबट्टा से हमला कर दिया, जिससे मुमताज अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतक की पत्नी मैमून निशा की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित