गाजियाबाद , मार्च 16 -- उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिला के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां बैंक मैनेजर को बैंक के अंदर गार्ड ने गोली मार दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और बैंक में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।

पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोली बैंक परिसर के अंदर ही चलाई गई, जिससे बैंक में मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों में दहशत फैल गई।

पंजाब एंड सिंध बैंक की शाखा में तैनात बैंक मैनेजर अभिषेक को उसी बैंक के गार्ड रविन्द्र ने गोली मार दी। गोली लगने से मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

आरोपी गार्ड घटना के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

इस मामले में पुलिस उपायुक्त ग्रामीण क्षेत्र सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने बताया कि आरोपी गार्ड की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस बैंक कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित