चूरू , मार्च 22 -- राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने गांवों में नियमित साफ-सफाई और कचरा संग्रहण व्यवस्था को माकूल बनाये रखने के निर्देश देते हुए कहा है कि गांव में सफाई व्यवस्था माकूल नहीं रही तो जिम्मेदार उच्च अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

श्री दिलावर रविवार को चूरू जिले के दौरे के दौरान रतनगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं और अधिकारियों को समुचित निर्देश दिए। उन्होंने रतनगढ़ क्षेत्र में टिडियासर गांव तथा अन्य निकटवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों से पंचायतीराज कार्यों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने व्यवस्थाओं से अवगत कराया।

उन्होंने सफाई व्यवस्था में अनियमितता पर नाराज़गी जाहिर की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गांवों में नियमित साफ सफाई और कचरा संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि गांव में सफाई व्यवस्था माकूल नहीं रही तो जिम्मेदार उच्च अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

श्री दिलावर ने गांव में सफाई व्यवस्था, घर घर कचरा संग्रहण, नियमित सफाई, पानी भराव और स्वच्छता कार्यों एवं मौसमी बीमारियों के प्रबंधन को लेकर ग्रामीणों से फीडबैक लिया और अधिकारियों को समुचित निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित