मुरैना , जनवरी 29 -- मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। सरकार गांव, गरीब, किसान और मजदूर की चिंता करते हुए नए नवाचारों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उन्हें लाभान्वित कर रही है, ताकि गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गांव-गांव सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए किसान सम्मान निधि योजना लागू की गई है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है और सहायता राशि सीधे उनके खातों में पहुंच रही है।
विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर गुरुवार को दिमनी विधानसभा क्षेत्र में 11 करोड़ 61 लाख 61 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्राम खुड़ी में महुरी से खुड़ी मार्ग तक 3 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से 5 किलोमीटर लंबी सड़क का भूमिपूजन किया। इसके बाद ग्राम महूरी में 6 लाख 36 हजार रुपये की लागत से सीसी खरंजा, 3 लाख रुपये की लागत से शांतिधाम, 14 लाख 82 हजार रुपये की लागत से तालाब निर्माण, 14 लाख 54 हजार रुपये की लागत से तालाब की पक्की पाल तथा 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया गया।
इसी प्रकार ग्राम टीकतपुरा में 3 करोड़ 1 लाख रुपये की लागत से 4.50 किलोमीटर लंबी चिरपुरा से अंबाह मार्ग तक सड़क का भूमिपूजन किया गया।
ग्राम पंचायत कमतरी में 37 लाख 50 हजार रुपये की लागत से पंचायत भवन, 9 लाख 50 हजार रुपये की लागत से आंगनबाड़ी भवन, 9 लाख 50 हजार रुपये की लागत से द्वारिका पुरी आंगनबाड़ी भवन, 3 लाख 70 हजार रुपये की लागत से शांतिधाम, 3 लाख 70 हजार रुपये की लागत से चिंते का पुरा में शांतिधाम, 9 लाख 98 हजार रुपये की लागत से शिंधे का पुरा में सीसी रोड, 8 लाख 97 हजार रुपये की लागत से चिंते का पुरा में सीसी रोड तथा 10 लाख 40 हजार रुपये की लागत से वित्त का पुरा में सीसी रोड का लोकार्पण किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ने द्वारिका पुरी में 2 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से 3 किलोमीटर लंबी जग्गा पुरा से द्वारिका पुरा मार्ग तक सड़क तथा ग्राम बिरहरूआ में 1 करोड़ 77 लाख रुपये की लागत से 2.50 किलोमीटर लंबी बिरहरूआ से भैंरो मार्ग तक सड़क का भूमिपूजन किया।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत बिरहरूआ में 4 लाख 69 हजार रुपये की लागत से सीसी खरंजा, 7 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन, 4 लाख 29 हजार रुपये की लागत से अयुद्धी पुरा में सीसी रोड तथा 3 लाख 72 हजार रुपये की लागत से वेताल का पुरा में सीसी रोड का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुरैना-श्योपुर के सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि दिमनी विधानसभा क्षेत्र में इन सड़कों की मांग लंबे समय से चली आ रही थी, जिन्हें अब पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का सपना था कि गांव पक्की सड़कों से जुड़े और आज यह सपना साकार हो रहा है। सड़क, बिजली और पानी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
कार्यक्रम में समाजसेवी कमलेश कुशवाह एवं जनपद अध्यक्ष अंबाह सुश्री मधुरिमा तोमर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव, एसडीएम अंबाह रामनिवास सिकरवार, जनपद पंचायत के सीईओ देवेन्द्र जैन, समाजसेवी राजीव कंषाना, डॉ. योगेशपाल गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित