अंबिकापुर , फरवरी 10 -- छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं में खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से गांधी स्टेडियम अंबिकापुर में जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का भव्य शुभारंभ किया गया। यह आयोजन 10 से 12 फरवरी 2026 तक किया जा रहा है, जिसमें जिले के सभी विकासखंडों से आए खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

जिला पीआरओ से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार,कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर निगम महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि बस्तर ओलंपिक की तर्ज पर आयोजित सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग है, जो शरीर को स्वस्थ और मन को अनुशासित बनाता है। महापौर ने खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

अध्यक्षता कर रहे नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने कहा कि खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ खेल भावना को सर्वोपरि रखें। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का व्यापक अवसर प्रदान करती हैं। जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी संभाग स्तर पर सरगुजा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक में जिले के सभी विकासखंड सीतापुर, बतौली, लखनपुर, उदयपुर, लुंड्रा, मैनपाट और अंबिकापुर से आए खिलाड़ी शामिल हुए हैं। प्रतियोगिता में 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाएँ तथा 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। कुल 12 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं, जिनमें एथलेटिक्स सहित अन्य प्रमुख खेल सम्मिलित हैं। ग्रामीण और शहरी अंचल से आए खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित