कोटा , मई 02 -- राजस्थान के कोटा जिले में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के विधानसभा क्षेत्र रामगंज मंडी की असिंचित 12 हजार हेक्टेयर भूमि को मध्यप्रदेश के गांधी सागर बांध से पानी लाकर उपलब्ध कराने के प्रयास तेज कर दिए गये हैं।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहनलाल यादव के प्रस्ताव पर श्री दिलावर ने शनिवार को मध्यप्रदेश के इंदौर में मध्यप्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट से मुलाकात की। श्री दिलावर के साथ जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता व्रत कोटा महेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता कोटा अनिल मीणा तथा कनिष्ठ अभियंता इंद्र कुमार भी मौजूद थे।
इस दौरान श्री दिलावर ने श्री सिलावट को बताया कि कोटा जिले का रामगंज मंडी विधानसभा क्षेत्र डार्क जोन क्षेत्र के तहत आता है और भूमिगत जल स्रोतों के अभाव में क्षेत्र की हजारों हेक्टर भूमि असिंचित है। रामगंज मंडी विधानसभा क्षेत्र के लगभग 2 हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई के लिए वर्तमान में कोई भी कार्य योजना नहीं बनाई जा रही है, क्योंकि पानी का कोई भी पर्याप्त स्रोत नहीं है।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के भानपुरा के सीमावर्ती राजस्थान रामगंजमंडी क्षेत्र के गांवों में लगभग 12 हजार हैक्टेयर भूमि में सिंचाई गांधी सागर बांध से आसानी से की जा सकती है। क्योंकि भानपुरा क्षेत्र के सीमावर्ती गांव में भी गांधी सागर बांध की नहरों से वर्तमान में सिंचाई की जा रही है और इन नेहरों से प्रवाहित अतिरिक्त पानी रामगंजमंडी के सीमावर्ती गांव की 12 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचित करने के लिए पर्याप्त है।
इसके लिए गांधी सागर से मध्य प्रदेश में रीवा बैराज से नई फीडर चैनल द्वारा पानी उपलब्ध करवा कर रामगंज मंडी को बड़ी राहत प्रदान की जा सकती है। इस पर श्री सिलावट ने अपने विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ राजस्थान से आए प्रतिनिधिमंडल की पूरी बात को गंभीरता से सुना और कार्य योजना की पूरी जानकारी ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित