महासमुंद , मार्च 07 -- छत्तीसगढ के महासमुंद जिले के सांकरा थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी के मामले में बसना थाना में पदस्थ एक आरक्षक का नाम सामने आने से पुलिस विभाग में शनिवार को हड़कंप मच गया।
सांकरा पुलिस ने इस मामले में एक आरक्षक सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि आरोपी आरक्षक फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सांकरा पुलिस ने तीन मार्च को कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को स्कूटी से 4.87 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ किए जाने पर उसने इस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के नामों का खुलासा किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बसना थाना में पदस्थ एक आरक्षक सहित एक अन्य व्यक्ति का नाम सामने आने पर उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि मामले में नामजद आरक्षक फरार है।
पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित