बैतूल , मार्च 1 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने गांजा तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर गांजा सप्लाई करने में सक्रिय था।

जीआरपी प्रभारी रविश कुमार ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान नौसाद अली उर्फ मामा (33) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के हावड़ा का निवासी है और वर्तमान में ओडिशा के गजपति जिले की फॉरेस्ट गेट कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस टीम उसे गिरफ्तार कर बैतूल लाई, जहां न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 08/26 के तहत मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 8/20 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि नौसाद अली इस तस्करी नेटवर्क का मुख्य सप्लायर था और विभिन्न राज्यों में गांजा उपलब्ध कराता था।

पुलिस के अनुसार गिरोह का संचालन सुनियोजित तरीके से किया जा रहा था। शाहिद खान नामक आरोपी नौसाद अली से गांजा मंगवाकर स्थानीय स्तर पर सप्लाई करता था। पिछले महीने जीआरपी ने इसी नेटवर्क से जुड़े तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें पश्चिम बंगाल निवासी ताजिम अनवर तथा आगर मालवा निवासी शाहिद खान और सुनील नायक शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब चार-चार किलोग्राम गांजा बरामद किया था।

इन आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिली महत्वपूर्ण जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी से गांजा तस्करी के इस नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

जीआरपी प्रभारी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित