सरगुजा, फरवरी 18 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 21 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 4 लाख 28 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस से आज (बुधवार) को मिली जानकारी के अनुसार, 17 फरवरी 2026 को थाना कोतवाली पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि नया बस स्टैंड के पीछे गुमटी के सामने दो व्यक्ति एक सफेद प्लास्टिक बोरे में अवैध गांजा रखकर बिक्री करने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दी। इस दौरान पुलिस को वहां दो संदिग्ध व्यक्ति एक सफेद प्लास्टिक बोरे के पास खड़े मिले।

पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों से उनके नाम और पते के बारे में पूछताछ की तो वे टालमटोल करने लगे। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अमित शर्मा पिता संतोष शर्मा (उम्र 21 वर्ष) निवासी चुनार मेडिया, थाना चुनार, जिला मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) और देवचंद यादव पिता जगदीश यादव (उम्र 20 वर्ष) निवासी कान्हानगर कैमूर, थाना अघोरा, जिला कैमूर (बिहार) के रूप में बताई। फिलहाल दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में रहकर तस्करी कर रहे थे।

गवाहों की मौजूदगी में जब पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मिले प्लास्टिक बोरे की तलाशी ली तो उसमें से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। तलाशी के दौरान कुल 21 किलो 400 ग्राम गांजा और 3090 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि वे यह अवैध गांजा ओडिशा से खरीदकर लाए थे और इसे उत्तर प्रदेश के वाराणसी (बनारस) में बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने तस्करी के बारे में कई और अहम जानकारियां भी दी हैं, जिसके आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित