भुवनेश्वर , अप्रैल 10 -- ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में गहिरमाथा समुद्री अभयारण्य के अंतर्गत आने वाले मदली तट पर शुक्रवार को 32 फुट लंबी एक विशालकाय 'ब्रायड्स व्हेल' मृत अवस्था में पायी गयी। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस विशाल स्तनपायी का वजन लगभग 10 टन है।
वन अधिकारियों ने बताया कि व्हेल के शरीर पर चोट के निशान पाये गये हैं, जिससे यह आशंका जतायी जा रही है कि किसी जहाज या ट्रॉल प्रोपेलर की चपेट में आने से इसकी मृत्यु हुई होगी। यह व्हेल वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I के तहत एक संरक्षित प्रजाति है और आईयूसीएन की संकटग्रस्त प्रजातियों की लाल सूची में भी शामिल है। शव काफी सड़ चुका है और उस पर पुराने जाल में फंसने के निशान भी मिले हैं।
वन विभाग अब इस विशाल जीव के कंकाल को भविष्य के शोध और प्रदर्शन के लिए संरक्षित करने की योजना बना रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद वरिष्ठ अधिकारियों से सुझाव लिये जाएंगे कि कंकाल को कैसे सुरक्षित रखा जाये। इस विशालकाय व्हेल को देखने के लिए तट पर मछुआरों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वन विभाग ने मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए नमूने एकत्र कर लिए हैं और जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित