बैतूल , फरवरी 7 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिला आयुर्वेद चिकित्सालय टिकारी में गर्भवती महिलाओं के लिए प्रति मंगलवार एवं शुक्रवार को नियमित रूप से गर्भसंस्कार कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत आयुर्वेद चिकित्सकों द्वारा गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार-विहार, योग, प्राणायाम, ध्यान, संगीत चिकित्सा तथा सकारात्मक जीवनशैली के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही गर्भावस्था के दौरान होने वाली सामान्य समस्याओं के आयुर्वेदिक उपचारों से भी अवगत कराया जा रहा है।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने बताया कि गर्भसंस्कार कार्यक्रम से गर्भस्थ शिशु के शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायता मिलती है। इससे गर्भवती महिलाओं में तनाव, चिंता और अवसाद में कमी आती है तथा प्रसव पीड़ा सहन करने की क्षमता बढ़ती है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम शिशु की स्मरण शक्ति, बुद्धि विकास और संस्कार निर्माण में भी सहायक सिद्ध हो रहा है।

जिला आयुर्वेद चिकित्सालय टिकारी द्वारा क्षेत्र की सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की गई है कि वे इस निःशुल्क गर्भसंस्कार कार्यक्रम का लाभ उठाएं और स्वस्थ मातृत्व की दिशा में आयुर्वेद की प्राचीन एवं प्रभावी पद्धति को अपनाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित