गरियाबंद , अप्रैल 27 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सोमवार को एक नहर में अवैध मादक पदार्थ गांजा के 15 बड़े पैकेट तैरते हुए बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार यह मामला पाण्डुका थाना क्षेत्र के ग्राम मोहतरा का है, जहां नहर में बहते हुए गांजा के पैकेट देखे गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, बरामद गांजा की कीमत लाखों रुपये में हो सकती है।
बताया जा रहा है कि ग्राम अतरमरा निवासी नगर सैनिक योगेश ध्रुव ने ड्यूटी पर जाते समय नहर में संदिग्ध पैकेट तैरते हुए देखे, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पैकेट को कब्जे में लेकर सैंपल जांच की कार्रवाई शुरू की। पुलिस को आशंका है कि घेराबंदी या पकड़े जाने के डर से गांजा तस्करों ने यह खेप नहर में फेंक दी और फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा किसके द्वारा नहर में फेंका गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित