गरियाबंद , फरवरी 02 -- छत्तीसगढ़ में गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुत्काइयां गांव में रविवार रात हुई हिंसक घटनाओं के बाद गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद गांव के भीतर दहशत का माहौल है। स्थानीय ग्रामीण फिलहाल कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं।
अंदरूनी इलाकों में रहने वाले लोग भयभीत बताए जा रहे हैं। गांव के कुछ घरों में आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं, वहीं एक कार के जलने की भी सूचना है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, एक घर में आग लगने की वजह रसोई गैस सिलेंडर फटने की आशंका जताई जा रही है, जिससे पूरा मकान जलकर खाक हो गया। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
बताया जा रहा है कि गांव में मौजूद पुलिस बल को देखकर लोग खुलकर बयान देने से हिचक रहे हैं। हालात को देखते हुए एहतियातन कुछ मुस्लिम परिवारों को कड़ी पुलिस सुरक्षा में गांव से सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित