गया जी, मार्च 15 -- बिहार में गयाजी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह ट्रैक्टर से कुचलकर दो छात्रों की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बाटा मोड़ के समीप आज अहले सुबह एक ट्रैक्टर ने दो छात्रों को कुचल दिया। इस दुर्घटना में दोनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना से आक्रोशित लोगों ने कुछ देर के लिए सड़क मार्ग को जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम को समाप्त कराया।

सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान भोजपुर जिला निवासी आशुतोष कुमार और मुजफ्फरपुर जिला निवासी रमेश कुमार के रूप में की गयी है। दोनों छात्र सिविल कोर्ट के चपरासी पद की परीक्षा देने के लिए परीक्षा केंद्र पर जा रहे थे, तभी यह घटना हुई।शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित