गया जी, मार्च 23 -- लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों के मद्देनजर गयाजी के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान तथा नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया सहित निगम के कई अधिकारियों ने शहर के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया ।

सभी अधिकारी आज शहर के प्रसिद्ध पितामहेश्वर घाट पहुंचे और छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया । इस दौरान सफाई कर्मियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

इस संबंध में मेयर गणेश पासवान ने बताया कि छठ पूजा के लिए विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया जा रहा है । कई जगह पर त्रुटियां पाई गई, जिसे देर शाम तक पूरा करने का आदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों के लिए विभिन्न घाटों पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था, व्यापक साफ सफाई के साथ रोशनी की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि कई जगह पर नाले का गंदा पानी देखा गया है । ऐसी जगहों पर व्रतियों की असुविधा कम करने के लिए पुल का निर्माण किया गया है। साथ ही अन्य सुविधाओं को भी बेहतर बनाने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित