चेन्नई , मार्च 04 -- गतिरोध को खत्म करते हुए द्रमुक और कांग्रेस ने तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए सीटों को लेकर एक समझौते पर बुधवार रात हस्ताक्षर कर दिये।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी चिदंबरम के हस्तक्षेप से यह गतिरोध समाप्त हुआ और दोनों तरफ से नरमी के बाद, सत्ताधारी द्रमुक और कांग्रेस ने तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए सीटों को लेकर सहमति बना ली।

लंबी बातचीत और कांग्रेस उच्च कमान से मंज़ूरी मिलने के बाद हुए समझौते के अनुसार, कांग्रेस को 28 विधानसभा सीटें और एक राज्यसभा सीट दी गयी। तमिलनाडु कांग्रेस के अध्यक्ष सेल्वापेरुंथगई ने समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद संवाददाताओं को यह जानकारी दी।

यह भी माना जा रहा था कि द्रमुक ने 2028 में एक राज्य सभा सीट देने का वादा किया है, हालांकि दोनों पार्टियों ने इसकी आधिकारिक पुष्टि या घोषणा नहीं की है।

पिछले दो दिनों में राज्य और कांग्रेस हाईकमान स्तर पर हुई लंबी बातचीत के बाद सीट बंटवारे का समझौता किया गया। यह राज्य विधानसभा से राज्य सभा के द्विवार्षिक चुनावों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के आखिरी दिन से एक दिन पहले हुआ।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन और श्री सेल्वापेरुंथगई के बीच हुए समझौते के मुताबिक, कांग्रेस को 28 विधानसभा सीटें और एक राज्यसभा सीट दी गयी। कांग्रेस जिन सीटों पर चुनाव लड़ेगी, उनकी पहचान आगे की बातचीत में की जाएगी।

दोनों पार्टियां आज रात ही राज्य सभा उम्मीदवारों की घोषणा करेंगी और वे कल अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

श्री सेल्वापेरुंथगई ने कहा है कि कांग्रेस हाईकमान जल्द ही इसकी घोषणा करेगी कि राज्य सभा चुनाव के लिए उम्मीदवार कौन होगा और कांग्रेस 'सीट शेयरिंग समझौते' से पूरी तरह संतुष्ट और खुश है।

कांग्रेस के 39 विधानसभा और दो राज्य सभा सीटों की अपनी मांग पर अड़े रहने से रिश्तों में तनाव पैदा हो गया था, लेकिन श्री चिदंबरम के दखल देने और कल श्री स्टालिन के साथ बातचीत के बाद द्रमुक आखिरकार 29 सीटें और एक सीट देने पर सहमत हो गयी।

द्रमुक ने मंगलवार रात डीएमडीके को एक राज्यसभा सीट देने का एलान किया।

अगले महीने खाली होने वाली कुल छह राज्यसभा सीटों में से, द्रमुक आसानी से चार सीटें जीत सकती है और उसने पहले ही डीएमडीके एक सीट दे दी है।

मुख्य विपक्षी पार्टी अन्नाद्रमुक बाकी दो सीटें जीत सकती है। खबर है कि वह अपने सहयोगी, अंबुमणि के पीएमके गुट को एक सीट देने पर सहमत हो गयी है। अन्नाद्रमुक आज रात अपने उम्मीदवार का एलान कर सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित