देहरादून , जनवरी 13 -- उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को देहरादून के न्यू कैंट रोड स्थित अपने कैम्प कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ प्रदेश में बारिश न होने से फसलों के नुकसान की समीक्षा की और नुकसान का आंकलन करके जल्द रिपोर्ट तैयार करने को कहा।

श्री जोशी ने कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा दिये जाने और किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से इंटीग्रेटेड पैक हाउस निर्माण और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप टेस्टिंग लैब की स्थापना के लिए जल्द कागजी कार्यवाही पूरी करके कार्य प्रारंभ करने को कही है।

उन्होंने प्रदेश के 93 राजकीय उद्यानों को पुनर्जीवित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इन उद्यानों को आय सृजन से जोड़ने के लिए ठोस प्रयास किए जाएं।

कृषि मंत्री ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को जायका परियोजना, कीवी मिशन, एप्पल मिशन और ड्रैगन फ्रूट मिशन के लिए स्पष्ट प्रभावी कार्ययोजना तैयार करके योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के लिए कहा गया है।

श्री जोशी ने इस दौरान केंद्र एवं राज्य पोषित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भी अधिकारियों को कहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित