देहरादून , फरवरी 01 -- उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को पेश केन्द्रीय बजट 2026 को विकसित भारत की दिशा में एक सर्वसमावेशी बजट बताया।
श्री जोशी ने आज न्यू कैंट रोड़ स्थित अपने कैंप कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, क्षेत्रवासियों के साथ केंद्रीय बजट का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना।
इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय बजट 2026 को विकसित भारत की दिशा में एक सर्वसमावेशी और विकासोन्मुखी बजट बताया।
उन्होंने कहा कि बजट समाज के हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जो देश की विकास गति को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बजट नागरिकों को सशक्त बनाएगा और भारत के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करेगा।
उन्होंने कहा कि मजबूत आर्थिक आधार, समावेशी विकास और दीर्घकालिक दृष्टि पर केंद्रित यह बजट "विकसित भारत" के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि बजट में गरीब, युवा, किसान और नारी इन चारों वर्गों के उत्थान और सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए बजट में कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।
उन्होंने बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री द्वारा सरकार की महत्वाकांक्षी लखपति दीदी योजना को और विस्तार देने की घोषणा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसकी सराहना की।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए देशभर में और अधिक रिटेल आउटलेट्स खोले जाएंगे, जिससे महिलाओं को सीधे बाजार से जोड़ने, स्थायी आय के साधन विकसित करने और महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।
श्री जोशी ने कहा कि बजट में एआई टूल भारत विस्तार कार्यक्रम की शुरुआत एक दूरदर्शी कदम है। यह एआई आधारित टूल किसानों को बेहतर और सटीक निर्णय लेने में मदद करेगा, जिससे उनकी उत्पादकता और आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीण महिलाओं की अगुवाई वाले उद्यमों को सशक्त बनाने के लिए स्व-सहायता उद्यम की शुरुआत की जाएगी, जिससे महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर प्लेटफॉर्म मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित