उज्जैन , जनवरी 26 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज 77वें गणतंत्र दिवस पर उज्जैन के कार्तिक मेला ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर प्रदेशवासियों को सम्बोधित किया।

डॉ. यादव ने राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर गुब्बारे मुक्ताकाश में छोड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि "समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश" की दिशा में प्रदेश में कृषि विकास का बहुआयामी मॉडल तय किया गया है। किसानों को समृद्ध बनाने के लिए मुख्य फसलों के साथ उद्यानिकी फसलों को उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तरोत्तर प्रगति हमारा लक्ष्य है। अभ्युदय मध्यप्रदेश के लिए सभी को मिलकर कार्य करना है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है प्रदेश के नागरिक प्रगति के प्रयासों में भागीदारी निभाएँगे और निश्चित ही हमारा प्रदेश राष्ट्र का गौरव बढ़ाने में आगे रहेगा।

डॉ यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश, स्पेस टेक नीति लांच करने वाला प्रदेश बन गया है। खेलों की दुनिया में हमारा प्रदेश नई पहचान बना रहा है। प्रदेश में नागरिक उड्डयन सेवाएँ सुदृढ़ करने और हवाई संपर्क के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाये गए हैं।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का प्रथम राज्य है, जहाँ नागरिकों को अधिसूचित सेवाएँ प्रदाय करने की कानूनी गारंटी दी गई है। प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक बहनों को लाड़ली बहना योजना में 1 हजार 500 रुपये प्रतिमाह की दर से राशि मिल रही है। बहनें सशक्त और आत्मनिर्भर बनें इसलिए उन्हें बचत योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की प्रगति की इमारत में सुशासन नींव का पत्थर है। प्रदेश में गत दो वर्ष में बड़े पैमाने पर विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण यह सिद्ध करते हैं कि सरकार जो कहती है, वो करके दिखाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित