लखनऊ , दिसंबर 30 -- गणतंत्र दिवस से पहले उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी द्वारा जारी आदेश के अनुसार 26 जनवरी से पूर्व विद्यालयों में साफ-सफाई, गाइड-बायडिंग कार्य और सभी मूलभूत अवस्थापना सुविधाओं को अनिवार्य रूप से सुदृढ़ किया जाएगा। महानिदेशक स्कूल शिक्षा की तरफ से जारी निर्देश में कहा गया है कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय ढंग से मनाने के लिये प्रत्येक विद्यालय परिसर को पूरी तरह स्वच्छ और सुरक्षित रखा जाए। इसके तहत विद्यालय भवन, कक्षाएं, कार्यालय कक्ष, बरामदे, शौचालय, पेयजल स्थल, रसोईघर सहित सभी हिस्सों की नियमित व व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। कचरे और अपशिष्ट के समुचित निस्तारण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
जिन विद्यालयों में भवन या सुविधाएं क्षतिग्रस्त हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। विशेष रूप से कार्यशील शौचालय, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था और आवश्यक मरम्मत समय से पूर्ण करने को कहा गया है, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित