पटना, जनवरी 25 -- णतंत्र दिवस समारोह का लाइव प्रसारण शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थापित वेरिएबल मैसेज डिस्प्ले (वीएमडी) स्क्रीन पर किया जाएगा। शहर के कुल 15 प्रमुख एवं व्यस्त स्थानों पर वीएमडी स्क्रीन को सक्रिय किया गया है, जिसके माध्यम से वे नागरिक भी गांधी मैदान से होने वाले ध्वजारोहण, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं अन्य औपचारिक गतिविधियों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे, जो किसी कारणवश समारोह स्थल पर उपस्थित नहीं हो पाएंगे।
पटना शहर के जेपी गोलंबर, रूपसपुर पुल के समीप, कारगिल चौक, जू गेट नंबर-1, प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय के पास, पटेल गोलंबर, एम्स पटना, इनकम टैक्स चौराहा, अटल पथ गोलंबर, दीघा गोलंबर, दानापुर रेलवे स्टेशन, गुरु गोविंद सिंह पथ, बोरिंग रोड चौराहा, नया सचिवालय, लोहिया चक्र पथ एवं कंकड़बाग मेन रोड सहित कुल 15 स्थानों पर वीएमडी स्क्रीन स्थापित हैं।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर गांधी मैदान के आसपास स्थित प्रमुख भवनों को तिरंगे की थीम पर विशेष प्रकाश व्यवस्था से सजाया गया है। केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी से बिस्कोमान भवन, ज्ञान भवन, बापू सभागार, श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र, उद्योग भवन सहित अन्य प्रमुख इमारतें देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत नजर आ रही हैं।
गौरतलब है कि पटना स्मार्ट सिटी द्वारा इन भवनों को सामान्य दिनों में आकर्षक रंगीन लाइटों से सजाया जाता है, जबकि राष्ट्रीय एवं विशेष अवसरों पर थीम आधारित रोशनी के माध्यम से शहर को एक विशिष्ट पहचान दी जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित