वाराणसी , जनवरी 26 -- भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में अत्यंत गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण, उप जिलाधिकारी पवन प्रकाश, डिप्टी कलेक्टर शम्भू शरण, नायब तहसीलदार मिनी एल. शेखर सहित मंदिर न्यास के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान गाकर मातृभूमि को नमन किया गया।
ध्वजारोहण के पश्चात् विगत दो वर्षों से चली आ रही नवाचार की परंपरा को जारी रखते हुए धाम स्थित भारत माता की प्रतिमा पर श्रद्धा एवं राष्ट्रभक्ति के भाव से 'भारत माता आराधना' संपन्न हुई। इस वर्ष एक नया नवाचार करते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व की प्रेरणा से भारत माता प्रतिमा स्थल पर ही स्थापित राष्ट्रीय ध्वज की 'ध्वज वंदन' आराधना का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में डमरू वादन एवं शास्त्रीगणों द्वारा स्वस्तिवाचन के साथ तिरंगे पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद भारत माता एवं राष्ट्रीय ध्वज की विधिवत आरती उतारी गई। इस दौरान मंदिर न्यास के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनसामान्य ने भाग लिया तथा भारत माता के चरणों में नमन कर देश की समृद्धि, शांति एवं उन्नति की कामना की।
सभी कार्यक्रमों के समापन पर मंदिर के बोर्ड रूम (सभागार) में एक गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने अपने विचार व्यक्त किए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता, शांति, प्रगति एवं विश्व कल्याण की कामना की। सभी ने संकल्प लिया कि वे अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करते हुए देश सेवा में सदैव तत्पर रहेंगे तथा बाबा श्री काशी विश्वनाथ के आशीर्वाद से राष्ट्र उन्नति एवं जनकल्याण में योगदान देते रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित