लखनऊ , जनवरी 25 -- उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों सहित समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा कि यह पर्व भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक आदर्शों और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें विविधता में एकता की भावना का स्मरण कराता है और भारतीयता के गौरवपूर्ण स्वरूप को सशक्त करता है। उन्होंने बताया कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकार देने के साथ-साथ उसके कर्तव्यों का भी निरंतर बोध कराता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की मजबूती उसकी विविधता, सहिष्णुता और जनभागीदारी में निहित है। इन्हीं मूल्यों के सहारे भारत आज विकास के हर क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। गणतंत्र दिवस हमें संविधान की गरिमा को समझने, उसकी शक्ति को पहचानने और अपने दायित्वों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित