जालंधर , जनवरी 20 -- गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को स्थानीय गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में मनाये जा रहे जिला स्तरीय समागम में पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

अतिरिक्त जिला उपायुक्त (ज) अमरिंदर कौर ने मंगलवार को स्टेडियम में जिला स्तरीय समागम की चल रही रिहर्सल का जायजा लेते हुए भाग लेने वाले स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों और उनके अध्यापकों को मौके पर जरूरी दिशा-निर्देश दिये। इस मौके पर अतिरिक्त जिला उपायुक्त (ग्रामीण विकास) नवदीप कौर भी मौजूद थीं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा यह महत्वपूर्ण दिवस पूरी श्रद्धा, उत्साह और देश भक्ति की भावना के साथ मनाया जाएगा, जिसके लिए पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय समारोह के दौरान मार्च पास्ट, विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा पी.टी. शो के अलावा देश भक्ति की भावना से भरी सांस्कृतिक प्रस्तुति पेश की जाएंगी। उन्होंने बताया कि समागम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले सेनानियों के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में नाम कमाने वाली शख्सियतों और विभिन्न विभागों के शानदार कार्य करने वाले अधिकारियों/ कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित