कोटा , जनवरी 25 -- राजस्थान में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को सिआम ऑडिटोरियम में देशभक्ति के रंगों की सुंदर रंगोली सजी।
नन्हे मुन्ने स्कूली विद्यार्थियों ने देश प्रेम और रंग रंगीली संस्कृति की मनोहारी झांकी प्रस्तुत करके समा बांध दिया।
जिला कलेक्टर पीयूष समारिया सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित रहे। अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन वीरेंद्र सिंह यादव,मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गोपाल जोशी सहित शिक्षा एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक संध्या में राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने का सुंदर प्रस्तुतीकरण संगीत विद्यालय की बालिकाओं द्वारा किया गया। वहीं प्रगति स्कूल के विद्यार्थियों ने बैंड वादन से देशभक्ति के तराने बिखेरे। देशभक्ति के साथ ही नन्हे मुन्ने कलाकारों की राधा कृष्ण रासलीला की मनोहारी प्रस्तुति दिलों को छू गई।
राजस्थानी संस्कृति की झलक केसरिया बालम आवो नी.. पवित्रम नृत्य कला केंद्र की कठपुतली नृत्य प्रस्तुति और कोटा स्कूल ऑफ ड्रामा के रील धमाका नाटक ने भी ने भी खूब दाद पाई। डीपीएस की छात्राओं का समूह नृत्य दुल्हन चली ने देश भक्ति के रंग भरे। तो मां तुझे सलाम गीत के बोलों से झंकार कथक क्लासेस के विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुति दी। मोदी पब्लिक स्कूल, इंदिरा इंटरनेशनल स्कूल, त्रिमूर्ति नृत्य कला संस्थान, गंधर्व नृत्य कला संस्थान की प्रस्तुतियां भी सराहनीय रही। जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा की। सभी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित