भरतपुर , मार्च 21 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा में शनिवार को गणगौर माता की शाही सवारी की धूमधाम को देखकर विदेशी पर्यटक रोमांचित हो गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चौथ का बरवाड़ा ग्राम पंचायत के तत्वावधान में होटल सिक्स सेंस फोर्ट में आयोजित गणगौर माता की शाही सवारी के कार्यक्रम में विदेशी पर्यटकों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने सामूहिक रूप से गणगौर माता की पूजा करके गणगौर माता की शाही सवारी को रवाना किया।

बैंड-बाजे के साथ हाथों में ध्वज-पताका लिए शाही जवानों के साथ शाही सवारी गढ़ मोहल्ला होती हुई हवाई गली से जामा मस्जिद के सामने से होकर गुजरते हुए चौथ माता सरोवर स्थित तालाब की पाल पहुची, जहां महिलाओं ने गीत गाकर पूजा-अर्चना की। तालाब की पाल पर धार्मिक कार्यक्रम के साथ मेला भी लगा, जिसमें बच्चों ने खिलौने खरीदे। महिलाओं ने मांगलिक गीत गाये। बाद में सवारी वापस गढ़ में पहुंची जहां पर पूजा अर्चना के साथ सवारी को संपन्न किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित