नयी दिल्ली , जनवरी 29 -- उत्तराखंड में गढ़वाल के समग्र विकास और रोजगार को लेकर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं गढ़वाल के सांसद अनिल बलूनी केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की।

श्री गोयल ने सोशल मीडिया एक्स पर जारी एक पोस्ट में यह जानकारी दी। वहीं श्री बलूनी ने अपने पोस्ट में श्री गोयल से मुलाकात और विभिन्न विषयों पर हुयी जानकारी साझा की।

श्री बलूनी ने एक्स पर लिखा कि श्री गोयल और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गढ़वाल लोक सभा में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को नई दिशा देने, किसानों की आय में वृद्धि, कृषि नवाचार को प्रोत्साहन तथा स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाज़ार तक पहुंचाने के विषय पर सार्थक चर्चा हुयी। उन्होंने बताया कि बैठक में गढ़वाल क्षेत्र में सेंटर ऑफ एक्सलेंस (उत्कृष्टता केंद्र) की स्थापना और क्षेत्रीय कृषि, बागवानी एवं आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने पर विचार मंथन किया गया।

श्री बलूनी ने बैठक में राज्य में गुणवत्ता युक्त पैदावार को बढ़ावा देने के लिये वाणिज्य मंत्रालय द्वारा विदेशों में कुछ स्थान चिह्नित करने और गढ़वाल के किसानों को उन्नत कृषि तकनीक और आधुनिक उत्पादन प्रणालियों का प्रशिक्षण प्रदान करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त फलों की कुछ नई एवं उन्नत किस्मों के उत्पादन और उनके प्रभावी विपणन को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के विषय पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

श्री बलूनी ने बताया कि श्री गोयल ने इन सभी विषयों पर शीघ्र ही ठोस एवं सार्थक कदम उठाए जाने हेतु आश्वस्त किया है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले गढ़वाल लोक सभा के सभी जिलाधिकारियों के साथ गढ़वाल में जैविक खेती की स्थिति और इसे बढ़ावा देने के प्रयासों पर चर्चा की थी और उनसे इस संदर्भ में रिपोर्ट भी मंगाई थी। अब केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के दिशा-निर्देशन में जिलाधिकारियों के सहयोग से गढ़वाल में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को एक नई दिशा मिल सकेगी जिससे यहां के उत्पादों को तो वैश्विक मंच मिलने के साथ ही मेरे लोक सभा के किसानों को भी काफी फायदा पहुंचेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित