अमृतसर , मार्च 06 -- श्री अकाल तख्त साहिब से शुक्रवार को जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति में ननकाना साहिब संवत 558 (वर्ष 2026-27) का कैलेंडर जारी किया।

इस बार का ननकाना साहिब कैलेंडर भगत रविदास जी के 650वें जन्मदिवस और श्री कीरतपुर साहिब की स्थापना के 400वें स्थापना दिवस को समर्पितकिया गया है।

कैलेंडर जारी करते हुए जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने सिख जगत से अपील की कि सिखों का नया वर्ष 1 चेत से शुरू होता है और इस दिन हर गुरुद्वारा साहिब में गुरमत समागम आयोजित कर इसकी शुरुआत करनी चाहिए। जत्थेदार गड़गज्ज ने कहा कि सिख कौम को इस बात पर गर्व है कि उनका अपना मौलिक और विशिष्ट कैलेंडर है, और यह हर सिख का कर्तव्य है कि वे गुरुपर्व और अन्य ऐतिहासिक दिवस ननकाना साहिब कैलेंडर के अनुसार ही मनायें। उन्होंने सिख संगत से यह भी अपील की कि वे अपने घरों और गुरुद्वारों में ननकाना साहिब कैलेंडर जरूर लगायें।

इस अवसर पर शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि इस वर्ष भगत रविदास जी का 650वां जन्मदिवस और श्री कीरतपुर साहिब का 400वां स्थापना दिवस पूरी श्रद्धा और पंथिक शान के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगत रविदास जी के जन्मदिवस की शताब्दी के संबंध में भाईचारे के साथ मिलकर शिरोमणि कमेटी द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इसी तरह, श्री कीरतपुर साहिब के 400वें स्थापना दिवस को भी सभी सिख संगठनों और संप्रदायों के सहयोग से यादगार बनाने का प्रयास किया जाएगा।

एडवोकेट धामी ने भाई तारा सिंह वां की 300वीं शहीदी शताब्दी का जिक्र करते हुए कहा कि शिरोमणि कमेटी द्वारा 11 से 14 मार्च 2026 तक गांव वां, जिला तरनतारन में शताब्दी समारोह आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने संगत से इन कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की। इसके अलावा, उन्होंने ननकाना साहिब संवत 558 की शुरुआत के अवसर पर 13 मार्च की रात को गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हॉल में होने वाले गुरमत समागम में पहुंचने का भी आग्रह किया। एडवोकेट धामी ने पूरे सिख जगत को आगामी ननकाना साहिब संवत 558 की बधाई दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित