प्रयागराज , मई 2 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज रेलवे मंडल में मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में शनिवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर प्रयागराज जंक्शन परिक्षेत्र के गऊघाट क्षेत्र में रेलवे की अनधिकृत रूप से कब्जाई गई भूमि को खाली कराया गया। अभियान अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार के निर्देशन में जिला प्रशासन के सहयोग से सुनियोजित ढंग से संचालित किया गया। संयुक्त कार्रवाई में रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल और सिविल पुलिस की टीमों ने मौके पर मौजूद रहकर अभियान को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से अंजाम दिया।

कार्रवाई के दौरान लगभग 6500 वर्ग मीटर रेलवे भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य करीब 100 करोड़ रुपये बताया गया है। रेलवे प्रशासन के अनुसार यह कदम रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा और उनके समुचित उपयोग को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

अभियान में मंडल इंजीनियर (एस्टेट) वी.के. त्रिपाठी, सहायक मंडल इंजीनियर प्रवीन कुमार श्रीवास्तव एवं रामचंद्र सिंह, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता शशिकांत तिवारी व सत्य प्रकाश सहित इंजीनियरिंग विभाग के करीब 20 कर्मचारी शामिल रहे। रेलवे सुरक्षा बल की ओर से सहायक सुरक्षा आयुक्त सुरेश यादव तथा प्रभारी निरीक्षक अमित मीणा 24 जवानों के साथ मौजूद रहे।

जिला प्रशासन एवं सिविल पुलिस की ओर से सहायक पुलिस आयुक्त (अतरसुइया) निकिता श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार राजेश कुमार यादव तथा कीडगंज, अतरसुइया, कोतवाली, धूमनगंज और खुल्दाबाद थानों की पुलिस समेत करीब 60 पुलिसकर्मी अभियान में तैनात रहे।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पूर्णतः अवैध है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि रेलवे की भूमि पर अतिक्रमण न करें और किसी भी अनधिकृत कब्जे की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित