देहरादून , फरवरी 14 -- उत्तराखंड के जनपद टिहरी गढ़वाल के अंतर्गत तीनधारा सैनिक होटल के समीप शुक्रवार को अनियंत्रित होकर गंगा नदी में गिरा पिकअप वाहन शनिवार को लगभग तीस से अधिक घंटों की एसडीआरएफ के डीप डाइवर्स की कड़ी मशक्कत से बरामद हो गया। लेकिन वाहन के चालक और परिचालक की तलाश में अभी भी खोजबीन जारी है।
एसडीआरएफ के कमांडेंट आईपीएस अर्पण यदुवंशी ने बताया कि कल हरिद्वार के ज्वालापुर से चमोली जनपद के कर्णप्रयाग के लिए सब्जी ले जा रहा एक पिकअप वाहन टिहरी गढ़वाल अंतर्गत तीन धारा के पास गंगा में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में संभावित रूप से दो व्यक्ति सवार बताए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ की टीमों द्वारा तत्काल घटना स्थल पर पहुंचकर सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन प्रारंभ किया गया। जिन्होंने आज घटनास्थल पर राफ्टिंग उपकरणों एवं डीप डाइविंग टीम की सहायता से नदी में व्यापक स्तर पर सर्च अभियान चलाया।
उन्होंने बताया कि सर्वप्रथम नदी किनारे एवं आसपास क्षेत्र में सर्चिंग की गई, तत्पश्चात डीप डाइविंग टीम द्वारा नदी में लगभग 25 से 30 फीट गहराई तक उतरकर गहरे पानी में सघन तलाश की गई। इस दौरान नदी में दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को बरामद किया गया, जिसे पूर्ण रूप से जांचा गया। वाहन के अंदर कोई लापता व्यक्ति नहीं पाया गया। इसके उपरांत टीमों द्वारा घटनास्थल से व्यास चट्टी तक नदी के बहाव क्षेत्र में लगातार सर्च अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि फिलहाल सर्च ऑपरेशन में सर्चिंग रिपोर्ट शून्य है। परिस्थितियों का निरंतर आकलन करते हुए आगे भी सर्च ऑपरेशन जारी रखा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित