ऋषिकेश , मार्च 23 -- उत्तराखंड की पवित्र भूमि और गंगा तट जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, वहीं कल देर रात गंगा किनारे कुछ बाहरी पर्यटकों द्वारा शराब का सेवन करने का मामला सामने आया। इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला और इसे धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ बताया गया।

जानकारी के अनुसार, गंगा तट पर बैठे कुछ पर्यटक देर रात शराब पी रहे थे। इसी दौरान मौके पर पहुंचे बाइक रेंटल यूनियन के अध्यक्ष अंकित गुप्ता एवं उनके साथी चेतन चौहान ने इसका कड़ा विरोध किया। उन्होंने पर्यटकों को तुरंत वहां से हटने के लिए कहा और इस तरह की हरकत को उत्तराखंड की संस्कृति और आस्था के खिलाफ बताया।

स्थानीय लोगों के विरोध के बाद संबंधित पर्यटक ने अंकित गुप्ता, चेतन चौहान सहित अन्य लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और तुरंत वहां से चले गए।

अंकित गुप्ता ने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक गरिमा और परंपराओं के साथ किसी भी प्रकार का अनादर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति और आस्था का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धार्मिक स्थलों पर इस प्रकार की हरकत करने का साहस न कर सके। बाइक रेंटल यूनियन ने सभी पर्यटकों से अपील की है कि वे उत्तराखंड की पवित्रता और संस्कृति का सम्मान करें तथा जिम्मेदार पर्यटक बनें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित