चंडीगढ़ , मार्च 18 -- हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं सड़क) एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राज्य में सड़क एवं आधारभूत ढांचे के विकास को लेकर चर्चा की।
मुलाकात के दौरान श्री गंगवा ने श्री गडकरी को 27 और 28 मार्च को चंडीगढ़ में आयोजित होने वाले दो दिवसीय राष्ट्रीय भारत सड़क कांग्रेस (आईआरसी) सेमिनार के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया। इस सेमिनार में देशभर के सड़क सुरक्षा विशेषज्ञ भाग लेंगे।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, सड़क नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण और आधुनिक परिवहन सुविधाओं के विकास को लेकर केंद्र से सहयोग का आग्रह किया गया।
श्री गंगवा ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण और औद्योगिक विकास को देखते हुए मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री के साथ सकारात्मक बातचीत हुई और विभिन्न हाईवे परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही राज्य में चल रही और प्रस्तावित परियोजनाओं को गति देने के लिए केंद्र से विशेष अनुदान की मांग भी की गई।
श्री गंगवा ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य के समन्वय से हरियाणा में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित