हरिद्वार, दिसंबर 16 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र अंतर्गत जग्गू घाट के पास मंगलवार को गंगनहर में डूब रहे एक युवक को चेतक पुलिस कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सकुशल बचा लिया। युवक मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत हो रहा था और उसने गंगनहर में छलांग लगा दी थी।
घटना मंगलवार दोपहर की है। सूचना मिलते ही ज्वालापुर चेतक पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए युवक को गंगनहर से बाहर निकालकर सुरक्षित कोतवाली ज्वालापुर लाई। प्रारंभिक पूछताछ में युवक अपना नाम-पता नहीं बता पा रहा था। पुलिस ने उसे जलपान कराकर विश्वास में लिया और सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से उसकी पहचान कराने का प्रयास किया।
काफी प्रयासों के बाद युवक द्वारा बताए गए एक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया, जिससे उसकी पहचान नीरज रावत निवासी मेरठ के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि नीरज मेरठ में एक अस्पताल की मेडिकल लाइन में कार्यरत था, लेकिन मानसिक संतुलन ठीक न होने के कारण 13 दिसंबर 2025 को घर से बिना बताए निकल गया। परिजन उसकी तलाश में फोटो पंपलेट भी वितरित कर रहे थे।
सूचना की पुष्टि के बाद ज्वालापुर पुलिस ने परिजनों को थाने बुलाया और गुमशुदा युवक को सकुशल उनके सुपुर्द किया। अपने पुत्र के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस की सराहना करते हुए आभार जताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित