खैरथल , अप्रैल 01 -- राजस्थान में खैरथल जिले में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार खैरथल-तिजारा जिले को चार महीने बाद जिला कलेक्टर मिल ही गया।

वर्ष 2018 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी अतुल प्रकाश को जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, खैरथल-तिजारा के पद पर नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह भिवाड़ी एकीकृत विकास प्राधिकरण (बीडा) में मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर नियुक्त थे।

राज्य सरकार की ओर से मंगलवार देर रात 65 आईएएस अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की गयी, जिसमें अतुल प्रकाश का नाम प्रमुख रूप से शामिल रहा। यह आदेश राज्यपाल की आज्ञा से संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह द्वारा जारी किया गया।

दरअसल, खैरथल-तिजारा जिला में 28 नवम्बर 2025 से जिला कलेक्टर का पद रिक्त था। उस समय तत्कालीन जिला कलेक्टर किशोर कुमार का तबादला राजस्व मंडल अजमेर के सदस्य पद पर कर दिया गया था। इसके बाद से अलवर की कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला यहां का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रही थीं।

जिले में कलेक्टर का पद खाली होने की वजह से सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार स्थायी कलेक्टर लगाने की मांग की जा रही थी। अब अतुल प्रकाश की नियुक्ति के साथ यह मांग पूरी हो गई है और जिले को स्थायी प्रशासनिक नेतृत्व मिल गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित