मुरैना , दिसंबर 19 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में जिला प्रशासन ने खेल मैदान के लिए आवंटित साढ़े चार बीघा से अधिक शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। सुमावली कस्बे में दबंगों द्वारा इस भूमि पर सरसों की खेती किए जाने की शिकायत मिलने पर प्रशासन ने जेसीबी की मदद से खड़ी फसल को मिट्टी में मिला दिया।

जानकारी के अनुसार सुमावली कस्बे में सर्वे क्रमांक 1850 और 1851 की कुल चार बीघा 13 विश्वा भूमि खेल मैदान के लिए आरक्षित की गई थी। इसके बावजूद दबंगों ने इस जमीन पर अतिक्रमण कर सरसों की फसल उगा ली थी। इस संबंध में खेल प्रेमियों ने कलेक्टर लोकेश जांगिड़ से शिकायत की थी।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने राजस्व अमले और पुलिस को मौके पर भेजकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में पुलिस और राजस्व अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से सरसों की खड़ी फसल को उजाड़कर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से खेल प्रेमियों में संतोष देखा गया है, वहीं अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित